हल्क फिटनेस क्लब का जलवा, शानू रॉय का वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 के लिए चयन

जांजगीर–चांपा। हल्क फिटनेस क्लब एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों से सुर्खियों में है। क्लब के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शानू रॉय ने राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाते हुए क्लब का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। खेल जगत के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है, क्योंकि भारत का सबसे बड़ा पावरलिफ्टिंग दल वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में इतिहास रचने को तैयार है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए देशभर से कुल 52 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ प्रदेश के 8 खिलाड़ी शामिल हैं। इन्हीं चुनिंदा खिलाड़ियों में जांजगीर–चांपा के हल्क फिटनेस क्लब के धुरंधर खिलाड़ी शानू रॉय भी शामिल हैं। वे इस महीने 27 से 30 नवंबर तक श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हल्क फिटनेस क्लब के कोच कैलाश वर्मा एवं किशन वर्मा ने बताया कि क्लब के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से मॉडलिंग, पावरलिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, फिटनेस मॉडलिंग और बॉडीबिल्डिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। क्लब लगातार नई प्रतिभाओं को तैयार करने और उन्हें उचित प्रशिक्षण प्रदान करने में सक्रिय है। क्लब प्रबंधन ने शानू रॉय की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि वे अपने व्यस्त समय में से स्वास्थ्य एवं व्यायाम के लिए भी समय निकालें।



